क्षेत्रीय
03-Apr-2026
...


लातूर, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के लातूर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एक पुलिस निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस निरीक्षक राजकुमार पुजारी 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय पकड़े गए। इस कार्रवाई के बाद लातूर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, उदगीर ग्रामीण पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक राजकुमार पुजारी ने एक मामले में गिरफ्तारी से बचाने के लिए कुल 3 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। यह मांग उन्होंने अपने एक पुलिस कर्मी के माध्यम से करवाई थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस कार्रवाई में पुलिस हेड कॉन्स्टेबल राहुल नागरगोजे को भी 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। फिलहाल एसीबी की टीम द्वारा राजकुमार पुजारी के घर की तलाशी ली जा रही है और दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। संतोष झा-०३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस