- चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान हुआ गंभीर हादसा - कोच के गेट से टकराया, घायल की नहीं हो सकी पहचान भोपाल(ईएमएस)। राजधानी के भोपाल रेलवे स्टेशन पर तीन दिन पहले हुए एक हादसे में एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर गंभीर रूप से घायल होता दिख रहा है। जीआरपी का कहना है कि घायल युवक को तुरंत ही 108 एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिये हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहॉ उसकी हालत गंभीर है, जिसके कारण वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान कर परिवार वालो से संपर्क किया जा सके। जेब में रखा मोबाइल फोन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसके संबध में जानकारी जुटाना मुश्किल हो रहा है। जीआरपी के अनुसार, घटना 31 मार्च की रात करीब साढे ग्यारह बजे की है। उस समय 19304 भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस स्टेशन से गुजर रही थी। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर चढ़ती ट्रेन में सवार होने की कोशिश करता है, युवक भागता हुआ कोच की तरफ जाता नजर आ रहा है। कोच का हैंडिल पकड़ने पर अगले ही पल वह अनियत्रिंत होकर कोच के गेट के साइड हिस्से से टकराता है। गेट से टकराकर युवक चलती ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंस जाता है। चंद सेकंड के अंदर वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर 4 से 5 बार घूम जाता है। और फिर ट्रेन के नीचे की ओर खिंचता चला जाता है। युवक के कई बार ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसने से उसे बेहद गंभीर चोटें आईं है। मौके पर मौजूद लोगो ने पुलिस को बताया की घायल युवक बिहार का निवासी और करीब 25-26 वर्ष का बताया जा रहा है। बाद में जीआरपी की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुचांया गया। हादसे में युवक एक हाथ टूट चुका था, सिर में गहरी चोट थी। इसके बावजूद वह सांसें ले रहा था। जीआरपी का कहना है की प्रथम दृष्टया यह मामला युवक की खुद की लापरवाही का लग रहा है। उसके पूरी तरह होश में आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। जुनेद / 3 अप्रैल