- माल राजस्व में 17.91 प्रतिशत वृद्धि, कुल आय 5470 करोड़ पार जबलपुर, (ईएमएस)। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सर्वांगीण विकास का नया इतिहास रच दिया है। यात्री सेवा से लेकर माल ढुलाई, राजस्व अर्जन, अधोसंरचना विकास, सुरक्षा और डिजिटल व्यवस्थाओं तक हर क्षेत्र में मंडल ने रिकॉर्ड प्रदर्शन किया। मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि कर्मचारियों और अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों से जबलपुर मंडल ने तीनों रेल मंडलों में अग्रणी स्थान हासिल किया है और आगे भी इसी गति से कार्य जारी रहेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता राहुल जयपुरियार, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता राम बदन मिश्रा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक रजनीकांत साहू तथा सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार सिंह उपस्थित रहे। यात्री और राजस्व में ऐतिहासिक बढ़त मंडल ने वर्ष 2025-26 में 429.42 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान कर अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा दर्ज किया, जो पिछले वर्ष से 6.49 प्रतिशत अधिक है। यात्री राजस्व 981.50 करोड़ रुपये रहा, जिसमें 6.16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। माल राजस्व 4259.56 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो 17.91 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़त है। कुल राजस्व 5470 करोड़ रुपये दर्ज हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 13.29 प्रतिशत अधिक है। अन्य कोचिंग मद में भी 79.35 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड आय हुई। टिकट चेकिंग और नई ट्रेनों में उपलब्धि …… टिकट चेकिंग में 8.21 लाख प्रकरण दर्ज कर 59.75 करोड़ रुपये की आय अर्जित की गई, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। मामलों में 20.43 प्रतिशत और आय में 26.72 प्रतिशत वृद्धि दर्ज हुई। यात्रियों की सुविधा के लिए रीवा–हडपसर साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस और जबलपुर–रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया गया। कई ट्रेनों को नए ठहराव दिए गए और जबलपुर–पुणे, जबलपुर–बांद्रा टर्मिनस तथा रीवा–मुंबई ट्रेनों का नियमित संचालन प्रारंभ किया गया। माल ढुलाई और अधोसंरचना में तेजी … मंडल ने 43.50 मिलियन टन माल लदान कर नया कीर्तिमान बनाया। बघवार और मझौली में नए गुड्स शेड प्रारंभ किए गए तथा सभी 24 गुड्स शेड चौबीसों घंटे संचालित रहे। तीन गुड्स शेड विकास कार्यों पर 33.46 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। इंजीनियरिंग क्षेत्र में 223.64 किलोमीटर ट्रैक पर गति वृद्धि, 21 लेवल क्रॉसिंग बंद, 50 अंडर ब्रिज और 8 ओवर ब्रिज निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए। स्टेशन विकास, डिजिटल पहल और सुरक्षा …. अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत श्रीधाम और कटनी साउथ स्टेशन का उद्घाटन हुआ तथा कई स्टेशनों का उन्नयन किया गया। 49 स्टेशनों को दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया। 19 नए प्लेटफॉर्म, 25 प्लेटफॉर्म शेड और 4 फुट ओवर ब्रिज बनाए गए। अनारक्षित टिकटों में 40.89 प्रतिशत एटीवीएम और 17.09 प्रतिशत मोबाइल माध्यम से जारी हुए। कार्मिक विभाग में 2800 कर्मचारियों को पदोन्नति और 557 नई नियुक्तियां दी गईं। आरपीएफ ने 331 चोरी मामलों में कार्रवाई, 266 बच्चों का रेस्क्यू और मादक पदार्थों की जब्ती की कार्रवाई की। तकनीकी और अन्य उपलब्धियां … एनकेजे लोको शेड में 87 अत्याधुनिक 12000 एचपी इलेक्ट्रिक इंजन शामिल किए गए, जिससे लोकोमोटिव विफलताओं में 18.60 प्रतिशत कमी आई। ई-ऑक्शन के माध्यम से 111.21 करोड़ रुपये का स्क्रैप निस्तारण कर लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की गई। मंडल को नई निरीक्षण यान “परख” भी प्राप्त हुई। कटनी ग्रेड सेपरेटर परियोजना के अंतर्गत देश का सबसे लंबा वायाडक्ट निर्माणाधीन है। जबलपुर मंडल में पहला पब्लिक मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स विकसित किया गया, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिल रही हैं। सुनील साहू / शहबाज / 03 अप्रैल 2026/ 5.06