क्षेत्रीय
03-Apr-2026
...


बीजापुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एंटी-नक्सल अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन ने गंगालूर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के दो डंप बरामद किए हैं। यह ऑपरेशन पेद्दाजोजेर और लेण्ड्रा के घने जंगलों में संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया, जहां सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छुपाई गई सामग्री को खोज निकाला गया। बरामद डंप में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली है, जिसमें .303 राइफल, स्टेन गन, बीजीएल राउंड, डेटोनेटर, जिलेटिन और वायर शामिल हैं। सुरक्षाबलों के अनुसार, यह सामग्री किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए छुपाकर रखी गई थी। समय रहते इस सामग्री को जब्त कर लिया गया, जिससे संभावित बड़े हमले को टाल दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे उनकी गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा। सुरक्षाबल लगातार इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाकर नक्सल गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 अप्रैल 2026