क्षेत्रीय
03-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। यातायात थाना भनपुरी में चालानी कार्रवाई के तहत खड़े किए गए ट्रक को चोरी करने वाले आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान डबलू कुमार यादव 21 वर्ष, निवासी ग्राम हरना, थाना जजा, जिला जमुई बिहार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2026 को ट्रक क्रमांक CG/07/AZ/5831 के नो-एंट्री में प्रवेश करने पर यातायात पुलिस ने मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की थी। चालान की राशि जमा नहीं करने पर ट्रक को यातायात थाना भनपुरी में खड़ा कर दिया गया था। 2 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि अज्ञात व्यक्ति उक्त ट्रक को चोरी कर फरार हो गया है। इस पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 194/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी ट्रक लेकर राजनांदगांव की ओर जाते दिखाई दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डोंगरगांव राजनांदगांव से आरोपी को ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ट्रक का चालक है और चालान की राशि भरने से बचने के लिए उसने ट्रक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सत्यप्रकाश /चंद्राकर/03 अप्रैल 2026