- प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार रायपुर (ईएमएस)। अभनपुर थाना क्षेत्र में मुरूम गड्ढे में दफन मिले युवक के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सनसनीखेज मामले में एक महिला समेत कुल 5 आरोपियों जिसमे दो विधि के साथ संघर्षरत बालक है, को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार 21 मार्च 2026 को ग्राम भरेंगाभाठा के पास सड़क किनारे एक मुरूम गड्ढे में संदिग्ध अवस्था में एक शव दफन होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव का उत्खनन किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक को गंभीर रूप से मारपीट कर अधमरी हालत में जिंदा ही दफन किया गया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हुई। जांच में मृतक की पहचान नितेश बत्रा 29 वर्ष, निवासी माना, रायपुर के रूप में हुई, जिसकी गुमशुदगी थाना माना में दर्ज थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी पिता विनायक सोनी 21 वर्ष निवासी ग्राम माही थाना करछना प्रयागराज उ.प्र.। हाल पता बोरियाकला थाना मुजगहन रायपुर का सावित्री साहू पिता दिनेश साहू उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम जमगला थाना लखनपुर जिला सरगुजा। हाल पता टेमरी एकता नगर थाना माना जिला रायपुर के साथ प्रेम संबंध था। मृतक नितेश बत्रा द्वारा महिला को परेशान किए जाने को लेकर विवाद हुआ। 16 मार्च की रात आरोपियों ने नितेश के साथ पहले मारपीट की, फिर ऑटो में बैठाकर विभिन्न स्थानों पर ले जाकर बेरहमी से पीटा और गमछे से गला दबा दिया। इसके बाद उसे मुरूम खदान में दफन कर सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से ऑटो, लकड़ी और अन्य सामग्री जब्त की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी माईकल सैनी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। सत्यप्रकाश /चंद्राकर/03 अप्रैल 2026