- दो डंपरों की टक्कर के बाद आग,मध्यप्रदेश औऱ राजस्थान के 2 चालकों की मौत फिरोजाबाद(ईएमएस) शुक्रवार दोपहर टूंडला-एटा रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना रजावली क्षेत्र के इमलिया डेरी के पास करीब 3:07 बजे दो डंपरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते दोनों डंपर धू-धू कर जलने लगे। पुलिस के अनुसार डंपर संख्या RJ11GC5403 टूंडला से एटा की ओर जा रहा था, जबकि डंपर RJ11GC7780 एटा से टूंडला की तरफ आ रहा था। हादसे में दोनों डंपरों के चालक जिंदा जल गए। मृतकों की पहचान सुरेश (पुत्र पूरन सिंह, निवासी मऊआखेड़ा, मुरैना, मध्य प्रदेश) और भरत लाल (पुत्र रामेश्वर दयाल, निवासी धौलपुर, राजस्थान) के रूप में हुई है। वहीं एक डंपर के क्लीनर धीरज (पुत्र हरी सिंह, निवासी धौलपुर) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक अन्य घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना रजावली, सकरौली और पचोखरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के चलते एटा-टूंडला मार्ग पर यातायात बाधित हो गया, जिसे पुलिस ने इसौली चौराहे से डायवर्ट कर सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मौके पर क्षेत्राधिकारी समेत पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त डंपरों को सड़क से हटाने का कार्य जारी है। ईएमएस