राष्ट्रीय
03-Apr-2026


कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों की टीम को बंधक बनाने और हिंसा के मामले को राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंपे जाने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मोफक्करुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक कुल 35 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और इस मामले में 19 केस दर्ज किए गए हैं। हिंसा भड़काने के मुख्य आरोपी मोफक्करुल इस्लाम को बागडोगरा एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया, जहां से उसे आगे पूछताछ के लिए लाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी पेशे से वकील बताया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बचाव कार्य में देरी क्यों हुई और क्या यह पूरी घटना पूर्व-नियोजित साजिश थी। गौरतलब है कि 1 अप्रैल 2026 को मालदा के कालियाचक ब्लॉक-II में मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए पहुंची सात न्यायिक अधिकारियों (जिनमें तीन महिलाएं शामिल थीं) की टीम को उग्र भीड़ ने करीब 8-9 घंटे तक बंधक बनाए रखा था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-12 को जाम कर दिया, पुलिस वाहनों में तोड़-फोड़ की और सुरक्षा बलों के साथ झड़प की, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। घटना के बाद न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा के लिए बलों की तैनाती की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने इसे गंभीर और सुनियोजित साजिश करार देते हुए केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने का निर्देश दिया है। सुबोध/०३-०४-२०२६