राष्ट्रीय
03-Apr-2026


रुद्रप्रयाग (ईएमएस)। चार धामों में से एक उत्तराखंड में स्थित बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। पिछले साल केदारनाथ के कपाट 2 मई को खुले थे और तकरीबन छह महीने तक दर्शन-पूजन के बाद 23 अक्टूबर शीतकाल के लिए बंद हो गए थे। शीतकाल में कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की गद्दी ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान होती है और यही उनका पूजा स्थल होता है। भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारानाथ है और यहां महादेव शिव का ज्योतिर्लिंग बैल पृष्ठ यानी बैल के कूबड़ के उभरे हुए हिस्से जैसा नजारा दिखता है। अब रास्ते से बर्फ हटाने और ग्लेशियर तोड़ने का काम जारी है। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन पैदल यात्रा मार्ग को आवाजाही लायक बनाने में जुटा है। जिससे पैदल यात्रा मार्ग पर सभी व्यवस्थाएं सुचारु की जा सके। केदारनाथ की पंचमुखी डोली 19 अप्रैल को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए रवाना होगी। डोली 21 अप्रैल को केदारनाथ धाम पहुंचेगी और 22 अप्रैल को सुबह कपाट खुलेंगे। सुबोध/०३-०४-२०२६