नई दिल्ली (ईएमएस)। आयुर्वेद में बताए गए इम्यूनिटी बढ़ाने के कुछ प्राकृतिक उपाय लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं। इन्हीं में से एक असरदार घरेलू उपाय है मेथी दाना का पानी, जिसे सुबह खाली पेट पीना स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, मेथी दाना में गैलेक्टोमैनन नामक खास प्रकार का फाइबर पाया जाता है, जो ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित रूप से मेथी पानी पीने से शरीर में शुगर लेवल संतुलित रहता है और इंसुलिन की संवेदनशीलता भी बेहतर होती है। यही कारण है कि डायबिटीज से जूझ रहे लोगों के लिए यह एक प्रभावी प्राकृतिक उपाय माना जाता है, जो शुगर स्पाइक्स को नियंत्रित करने में मदद करता है। वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भी मेथी दाना का पानी काफी उपयोगी साबित होता है। यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को तेज करता है और भूख को नियंत्रित करता है, जिससे अनावश्यक कैलोरी का सेवन कम हो जाता है। इसके नियमित सेवन से धीरे-धीरे वजन घटने में मदद मिलती है और शरीर फिट रहने लगता है। पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में भी मेथी पानी अहम भूमिका निभाता है। जिन लोगों को गैस, अपच, एसिडिटी या कब्ज की समस्या रहती है, उनके लिए यह एक आसान और असरदार उपाय हो सकता है। इसमें मौजूद घुलनशील फाइबर पेट की सफाई करता है और पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाता है। सुबह खाली पेट इसका सेवन करने से पेट हल्का रहता है और दिनभर ऊर्जा बनी रहती है। दिल की सेहत के लिए भी मेथी दाना फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं, जिससे हृदय रोगों का खतरा घटता है। साथ ही यह ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में भी सहायक होता है, जिससे हार्ट अटैक का जोखिम कम हो सकता है। इसके अलावा, मेथी पानी जोड़ों के दर्द और गठिया जैसी समस्याओं में भी राहत पहुंचाता है। इसमें मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण सूजन को कम करते हैं और हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इस साधारण घरेलू उपाय को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए, तो यह न केवल शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है, बल्कि कई गंभीर बीमारियों से बचाव में भी मददगार साबित हो सकता है। बता दें कि बढ़ते प्रदूषण, असंतुलित खानपान और खराब जीवनशैली के कारण आजकल लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता तेजी से कमजोर हो रही है। इसका असर यह होता है कि लोग छोटी-छोटी बीमारियों की चपेट में जल्दी आ जाते हैं। सुदामा/ईएमएस 04 अप्रैल 2026