04-Apr-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हमला करने के बाद मिडिल ईस्ट में संकट गहराया हुआ है। इस युद्ध को एक महीने से ज्यादा हो चुके हैं। इस दौरान कई नए शब्द सुनाई दे रहे हैं। ऑफ रैप किसी भी युद्ध में पहल करने वाला पक्ष अपने सामरिक उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए सैन्य अभियानों की रूपरेखा तैयार करता है। दूसरा पक्ष जवाबी कार्यवाही करता है। लेकिन युद्ध में नुकसान दोनों पक्षों का ही होता है। ऑफ रैप का मतलब होता है ऐसा रास्ता, जिसके जरिए लड़ाई को बढ़ाए बिना उसे रोका या खत्म किया जा सके। यह डिप्लोमेटिक बातचीत युद्धविराम समझौते या तीसरे देश की मध्यस्थता के रूप में हो सकता है। एस्केलेशन का मतलब लड़ाई का बढ़ना, ज्यादा क्षेत्रों में फैलना, अधिक घातक हथियारों का इस्तेमाल होना या संघर्ष का तेज होना। डी एस्केलेशन का मतलब होता है तनाव और लड़ाई को कम करना। रेड लाइन का मतलब होता है वह सीमा या शर्त, जिसे पार करना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं होता। अगर विरोधी पक्ष इस सीमा या शर्त की रेड लाइन को पार करता है तो उसे गंभीर प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ सकता है। ये कड़ा सैन्य जवाब या बड़ा हमला भी हो सकता है। डिटरेंस का मतलब होता है ऐसी ताकत और तैयारी, जिससे दुश्मन डरकर हमला करने से पहले ही रुक जाए। जब किसी देश को लगता है कि हमला करने पर उसे भारी नुकसान होगा, तो वह कदम पीछे खींच लेता है। इसी डर और संतुलन के जरिए शांति बनाए रखने की कोशिश डिटरेंस है। बैक चैनल टॉक का मतलब होता है परदे के पीछे होने वाली गुप्त बातचीत। यह बातचीत आधिकारिक मंचों से अलग, भरोसेमंद लोगों, राजनयिकों या मध्यस्थों के जरिए की जाती है। इसका मकसद तनाव कम करना, समझौते के रास्ते तलाशना और युद्ध को नियंत्रित या खत्म करना होता है। बैक चैनल बातचीत में दोनों पक्ष खुलकर अपनी शर्तें और चिंताएं रख सकते हैं। प्रॉक्सी वॉर ऐसा संघर्ष है जिसमें दो देश सीधे आमने-सामने लड़ने के बजाय किसी तीसरे समूह या ताकत के जरिए लड़ाई लड़ते है। इसमें एक देश दूसरे देश को कमजोर करने के लिए उसे भीतर से अस्थिर करने के लिए कदम उठाया है, लेकिन खुद सीधे युद्ध में शामिल नहीं होता। इससे खुले तौर पर तो युद्ध का खतरा कम दिखता है लेकिन नुकसान और हिंसा जारी रहती है। इसे परोक्ष या छद्म युद्ध भी कहते हैं। वॉर फटीग यानी युद्ध की थकान, इसका मतलब होता है लंबे वक्त तक चलने वाली लड़ाई में सेना, देश या जनता का थक जाना। इसमें जनता का मनोबल भी गिरने लगता है और युद्ध को लेकर समर्थन कम हो सकता है। एनर्जी वेपनाइजेशन का मतलब है। ऊर्जा संसाधनों जैसे तेल, गैस या बिजली का इस्तेमाल हथियार की तरह करना। प्रिसिजन स्ट्राइक का मतलब है बेहद सटीक तरीके से तय किए गए लक्ष्य पर हमला करना। इसमें आधुनिक मिसाइल, ड्रोन या स्मार्ट हथियारों का इस्तेमाल किया जाता है। जो सिर्फ चुने हुए लक्ष्यों को निशाना बनाते है। दुश्मन को नुकसान पहुंचाने के साथ आम लोगों की सुरक्षा मकसद होता है। लॉइटरिंग म्यूनिशन ऐसे हथियार होते है जो हवा में काफी वक्त तक मंडराते रहते हैं और सही मौके का इंतजार कर फिर अटैक करते हैं। इनमें पहले से संभावित टारगेट की जानकारी फीड होती है या ये खुद भी लक्ष्य पहचान सकते है। जैसे ही सही टारगेट दिखता है ये सीधे उस पर टकराकर उसे नष्ट कर देते है और खुद भी खत्म हो जाते हैं। इन्हें कामेकाजी भी कहा जाता है। सिराज/ईएमएस 04अप्रैल 2026