04-Apr-2026
...


- पूर्व जनपद अध्यक्ष के भतीजे को मौत के घाट उतारा; इलाके में भारी तनाव गुना (ईएमएस)। जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के कोन्याकला गांव में पूर्व जनपद अध्यक्ष के भतीजे की मारपीट कर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है, जहां आपसी विवाद के चलते युवक को पकडक़र बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार फरियादी कृष्णगोपाल मीना निवासी तुलसीखेड़ी अपने दोस्त गिरीश मीना (32) के साथ अल्टो कार से कोन्याकला गांव पहुंचे थे। गिरीश अपनी एक महिला परिचित से मिलने स्कूल के पास गया था, जबकि कृष्णगोपाल कार में ही बैठा रहा। इसी दौरान गांव के चंदू मीना, रामविलास मीना, मनीष मीना और गोविंद मीना मौके पर पहुंचे और गिरीश को पकडक़र गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। फरियादी के अनुसार आरोपियों ने उसे भी धमकाते हुए वहां से भगा दिया। इसके बाद वह अपनी जान बचाकर मौके से निकल गया और परिजनों को घटना की सूचना दी। कुछ देर बाद गिरीश को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है। पुलिस ने कृष्णगोपाल मीणा की रिपोर्ट पर आरोपी चंदू, रामविलास, मनीष और गोविंद मीणा के खिलाफ धारा 103(1) (हत्या), 296(ए) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। -सीताराम नाटानी