ह्यूस्टन (ईएमएस)। यूएस पुरुष क्ले कोर्ट चैंपियनशिप में अर्जेंटीना के थियागो अगस्टिन टिरांटे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप सीड बेन शेल्टन को हराकर बड़ा उलटफेर किया। टिरांटे ने पहला सेट गंवाने के बाद दमदार वापसी की और मुकाबला 6-7 (5), 6-3, 6-4 से अपने नाम किया। शुरुआती सेट में कड़ी टक्कर के बाद हार झेलने वाले टिरांटे ने अगले दो सेट में जबरदस्त नियंत्रण दिखाया। उनकी सर्विस गेम इस मैच में सबसे मजबूत पहलू रही, जहां उन्होंने अपने सभी 16 सर्विस गेम जीतकर शेल्टन को वापसी का मौका नहीं दिया। शांत और संयमित खेल के दम पर उन्होंने मुकाबले को अपने पक्ष में मोड़ लिया। दूसरी ओर, बेन शेल्टन के लिए यह हार निराशाजनक रही। फरवरी में डलास ओपन का खिताब जीतने के बाद से वह लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं और इस टूर्नामेंट में भी राउंड ऑफ 16 से आगे नहीं बढ़ सके। अन्य मुकाबलों में भी कई दिलचस्प नतीजे देखने को मिले। अर्जेंटीना के रोमन एंड्रेस बुरुचागा ने तीसरी वरीयता प्राप्त लर्नर टिएन को 7-5, 6-4 से हराया। वहीं, अमेरिका के टॉमी पॉल ने टॉमस मार्टिन एचेवेरी को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया। रात के मुकाबले में दूसरी वरीयता प्राप्त फ्रांसेस टियाफो ने लगभग तीन घंटे तक चले रोमांचक मैच में एलेक्सी पोपिरिन को 3-6, 6-4, 7-6 (6) से हराया। अब सेमीफाइनल में टियाफो और टॉमी पॉल के बीच ऑल-अमेरिकन मुकाबला होगा, जबकि टिरांटे का सामना बुरुचागा से ऑल-अर्जेंटीना मुकाबले में होगा। इसके अलावा अर्जेंटीना के मार्को ट्रुंगेलिटी और कैमिलो उगो कैराबेली ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर आगे बढ़े। स्पेन के राफेल जोडार और इटली के लुसियानो डार्डेरी को वॉकओवर और रिटायरमेंट के कारण अगले दौर में जगह मिली। टूर्नामेंट में शुरुआती दौर से ही कई उलटफेर देखने को मिल रहे हैं, जिससे मुकाबले और भी रोमांचक होते जा रहे हैं। डेविड/ईएमएस 04 अप्रैल 2026