मीरजापुर (ईएमएस)। साईबर फ्रांड मामले में आवेदक अरुण कुमार सिंह पुत्र अखिलेश कुमार सिंह निवासी बरैनी थाना कछवा जनपद मीरजापुर द्वारा अपने साथ हुई ऑनलाइन ठगी के संबंध में दिनांक 20.09.2024 को थाना कछवा की साइबर सेल में सूचना दी गई । आवेदक द्वारा बताया गया वह लखनऊ जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर बैठा था, तभी अचानक बेहोश हो गया । होश आने पर उसका मोबाइल अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया था तथा बाद में पता चला कि उसके खाते से ₹78,295.88 की धनराशि अनधिकृत रूप से ट्रांसफर कर ली गई । प्राप्त सूचना के आधार पर थाना कछवा साइबर सेल द्वारा NCRP पोर्टल पर शिकायत संख्या 33109240118737 पंजीकृत कर तत्काल जांच प्रारंभ की गई । अपर्णा रजत कौशिक पुलिस अधीक्षक जनपद मीरजापुर के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना कछवा की साइबर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच के दौरान ट्रांसफर की गई धनराशि का ₹76,995.88/- सफलता पूर्वक आवेदक के खाते में वापस कराई गई । धनराशि वापस प्राप्त होने पर आवेदक द्वारा थाना उपस्थित होकर मीरजापुर पुलिस एवं साइबर क्राइम टीम, थाना कछवा पुलिस की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया । साथ ही आवेदक को साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा भविष्य में अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया । - शशि भूषण दूबे कंचनीय/संतोष यादव/ 4 अप्रैल /2026