जयपुर (ईएमएस)। सुशीलपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति मामले की जिला कलक्टर संदेश नायक ने बेहद गंभीरता से लिया है। जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।जिला कलक्टर श्री संदेश नायक ने निर्देश दिए कि दूषित पेयजल की समस्या का तत्काल प्रभाव से समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय टीम द्वारा क्षेत्र का समग्र निरीक्षण किया जाए तथा जल आपूर्ति तंत्र में कहीं भी रिसाव या दूषित जल के प्रवेश की संभावना पाए जाने पर उसे प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाए, जिससे दूषित पानी की आपूर्ति को पूरी तरह रोका जा सके।उन्होंने पेयजल की नियमित सैम्पलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि बैक्टीरियोलॉजिकल मापदंडों के अनुरूप जल गुणवत्ता की सतत जांच की जाए। साथ ही, पेयजल आपूर्ति के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं रासायनिक विशेषज्ञों द्वारा निरंतर निगरानी रखी जाए।जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया गया कि वर्तमान में क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार पानी के टैंकर भी लगाए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। - अशोक शर्मा/ 5 बजे/4 अप्रेल 2026