श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में स्कूल चले हम अभियान के अंतर्गत आज 4 अप्रैल को जिले के विभिन्न विद्यालयों में “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत नामांकित अधिकारी निर्धारित विद्यालयों में पहुंचे और विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनके भविष्य, करियर विकल्पों तथा शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने बच्चों को लक्ष्य निर्धारण, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपने सवाल रखे, जिनका अधिकारियों द्वारा सरल और प्रेरणादायक तरीके से समाधान किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। अंत में उन्हें पाठ्य सामग्री का वितरण भी किया गया। उल्लेखनीय है कि इस पहल से विद्यार्थियों में भविष्य निर्माण की दिशा में जागरूकता बढ़ती है और ऐसे संवाद उन्हें सही दिशा देने में सहायक सिद्ध होते हैं। जिले के सभी संबंधित अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ।