- कंपनियों के पोर्टल पर बंद हुई प्रक्रिया भोपाल (ईएमएस)। एलपीजी गैस संकट के कारण कमर्शियल गैस की सप्लाई सीमित की गई है। अब घरेलू एलपीजी के नए कनेक्शन पर भी रोक लगा दी गई है। गैस कंपनियों द्वारा अपने पोर्टल पर नए कनेक्शन के लिए सब्सक्रिप्शन वाउचर जारी नहीं किए जा रहे हैं। इसलिए नए कनेक्शन की प्रक्रिया को रोक दिया गया है। हालांकि एजेंसी संचालकों द्वारा नए कनेक्शन के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। वहीं, केवाइसी की प्रक्रिया पोर्टल पर लगातार की जा रही है। दरअसल, बगैर कनेक्शन के गैस सिलिंडर लेकर खाना बनाने वालों की परेशानी इन दिनों बढ़ गई है। गैस की किल्लत के कारण ब्लैक में सिलिंडर नहीं मिल रही थी अब नए कनेक्शन पर रोक से फजीहत बढऩे वाली है। बाहर से कामकाज के लिए आने वाले और पढ़ाई के लिए शहर में मौजूद विद्यार्थियों को टंकियां नहीं मिल रही थीं। कंपनियों द्वारा आदेश मिलते ही फिर शुरू होगी प्रक्रिया नया कनेक्शन लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंचे तो बताया कि कंपनियों ने नए कनेक्शन पर रोक लगा दी है। जिला आपूर्ति आधिकारियों ने बताया कि आयल कंपनियों द्वारा जैसे ही एसवी जारी करने की प्रक्रिया पुन: प्रारंभ की जाएगी, पात्र उपभोक्ताओं को नए गैस कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे। इस संबंध में उपभोक्ताओं को अलग से सूचना भी दी जाएगी। पांच किग्रा का छोटा सिलिंडर मौजूद ऐसे उपभोक्ता जिनके पास एलपीजी कनेक्शन नहीं है उनके लिए छोटा पांच किग्रा का सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए उपभोक्ता गैस एजेंसियों से तुरंत छोटे सिलिंडर का कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने गैस एजेंसियों और आयल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नए कनेक्शन जारी होने तक पांच किग्रा का सिलिंडर कनेक्शन उपलब्ध कराए। विनोद / 04 अप्रैल 26