क्षेत्रीय
04-Apr-2026
...


रायसेन। जिले के दशहरा मैदान में 11 से 13 अप्रैल 2026 तक तीन दिवसीय उन्नत कृषि महोत्सव (प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण) का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों, नई कृषि पद्धतियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। कार्यक्रम का आयोजन कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। आयोजन में लगभग 50 हजार से अधिक किसान, 300 से अधिक प्रदर्शक, 100 से ज्यादा गतिविधियां और 50 से अधिक विशेषज्ञ वक्ता भाग लेंगे। - आधुनिक तकनीक और नवाचार पर रहेगा फोकस महोत्सव में किसानों को ड्रोन तकनीक, डिजिटल एग्रीकल्चर, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, फसल विविधीकरण, पराली प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य और बागवानी जैसी आधुनिक पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे किसान नई तकनीकों को करीब से देख और समझ सकेंगे। - तीन दिनों तक होंगे सेमिनार और प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग हॉल में विशेषज्ञों द्वारा सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी— पहला दिन (11 अप्रैल): फसल कटाई के बाद प्रबंधन, डिजिटल कृषि, मधुमक्खी पालन, प्राकृतिक खेती और पराली प्रबंधन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। दूसरा दिन (12 अप्रैल): मृदा स्वास्थ्य, एकीकृत कृषि प्रणाली, बागवानी, फसल बीमा और कीटनाशक प्रबंधन पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीसरा दिन (13 अप्रैल): बीज उत्पादन, मत्स्य पालन, पशुपालन, कृषि ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। - किसानों के लिए सीखने का बड़ा अवसर महोत्सव में देश-प्रदेश के कृषि विशेषज्ञ, वैज्ञानिक और अधिकारी किसानों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान बताएंगे। साथ ही विभिन्न योजनाओं और नई तकनीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा। यह आयोजन किसानों के लिए खेती में नई संभावनाएं तलाशने, उत्पादन बढ़ाने और आय में वृद्धि करने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा। - किशोर वर्मा ईएमएस रायसेन 04/04(2026