राष्ट्रीय
04-Apr-2026
...


स्कूल से महज 30 मीटर दूर हुआ धमाका, बड़ी त्रासदी टली; प्रशासन ने शुरू की जांच अहमदाबाद (ईएमएस)| दादरा नगर हवेली के सिलवासा में आज एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शहर के डैम के पास स्थित एक नाइट्रोजन गैस गोदाम में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास का इलाका कांप उठा। इस हादसे में गोदाम में काम कर रहे तीन मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गेस सिलेंडरों के टुकड़े दूर-दूर तक जाकर गिरे, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस गोदाम में विस्फोट हुआ, वह एक निजी स्कूल से मात्र 30 मीटर की दूरी पर स्थित था। हालांकि, सौभाग्य से विस्फोट की दिशा और तीव्रता स्कूल की ओर नहीं गई, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। अगर स्थिति थोड़ी भी अलग होती, तो कई मासूम बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल इलाके को सुरक्षित कर लिया गया है और जांच एजेंसियां पूरे मामले की तहकीकात में जुट गई हैं। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि नाइट्रोजन गैस के रिफिलिंग या स्टोरेज में किसी तकनीकी खामी के कारण यह विस्फोट हुआ हो सकता है। प्रशासन अब यह भी जांच कर रहा है कि गोदाम के पास आवश्यक अनुमति थी या नहीं, और आखिर रिहायशी इलाके व स्कूल के इतने पास यह गोदाम कैसे संचालित हो रहा था। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सतीश/04 अप्रैल