क्षेत्रीय
04-Apr-2026
...


महासमुंद(ईएमएस)। नशे के खिलाफ कार्रवाई में महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 281.900 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपए आंकी गई है। मामले में महाराष्ट्र के 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, ओडिशा से गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 रेहटीखोल रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान एक फॉर्च्यूनर (MH 12 WC 0090) और एक स्कार्पियो (MH 12 YH 0090) को रोका गया। वाहनों की जांच में बोरियों में रखा गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के फुलबनी जिले से पुणे (महाराष्ट्र) ले जा रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई में गांजे के साथ परिवहन में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर (कीमत 40 लाख रुपए) और स्कार्पियो (कीमत 25 लाख रुपए) सहित 4 मोबाइल जब्त किए। कुल जब्त सामग्री की कीमत 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत शंकर गोले (38 वर्ष), क्षितिज वीरसेन जाधव (21 वर्ष), अक्षय नंदकुमार निगम (27 वर्ष), अभिषेक डेविड जगले (26 वर्ष) और महेश काटकर (39 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 अप्रैल 2026