क्षेत्रीय
04-Apr-2026
...


- पुलिस बैरियर तोड़कर ट्रैक्टर समेत फरार फिरोजाबाद(ईएमएस) प्रदेश में सख्ती के बावजूद खनन माफियाओं के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला जिले के लाइनपार थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां अवैध खनन में लिप्त एक ट्रैक्टर चालक ने पुलिस की कार्रवाई को धता बताते हुए बैरियर तोड़कर फरार हो गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, यमुना नदी से सटे लाइनपार क्षेत्र में रात के समय अवैध बालू खनन का कारोबार जारी रहता है। शुक्रवार सुबह पुलिस ने रेलवे ओवरब्रिज पर बैरियर लगाकर चेकिंग के दौरान बालू से लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी और बैरियर तोड़ते हुए मौके से फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रैक्टर चालक को बैरियर तोड़कर तेज गति से भागते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली है। थानाध्यक्ष लाइनपार रमित कुमार आर्य ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की पहचान मोहनलाल निवासी बालकराम की ठार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस