फिरोजाबाद (ईएमएस)। तहसील शिकोहाबाद के सभागार कक्ष में शनिवार को जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आम जनता की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर पालिका और समाज कल्याण विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। प्रार्थीनी अमरीन अली के परिजनों ने डॉ. मिली अग्रवाल पर गलत उपचार और लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। वहीं ग्राम आरौंज के उदयवीर सिंह और देवी दयाल ने पड़ोसी काश्तकारों द्वारा दबंगई की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी और एसओ शिकोहाबाद को मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मैनपुरी तिराहे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर समाजसेवी सद्दाम हुसैन व अन्य लोगों ने स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। मोहल्ला नगला किला निवासी प्रेमलता ने नियमित गृहकर जमा करने के बावजूद आरसीसी सड़क और नाली निर्माण न होने की शिकायत की, जिससे जलभराव की समस्या बनी हुई है। इस पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। सहजलपुर निवासी विशाल और मुहाट निवासी मिथलेश ने बिजली विभाग पर मनमाने बिल भेजने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने एक्सईएन विद्युत को पूरे प्रकरण की जांच कर सात दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। समाधान दिवस में कुल 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी डॉ. गजेंद्र पाल, तहसीलदार, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी केएम सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ईएमएस