- चलती ट्रेन से 80 हजार की नगदी से भरा बैग पार गुना (ईएमएस)। जीआरपी गुना थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेल यात्रा के दौरान चोरी की दो अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। पहली घटना उज्जैनी एक्सप्रेस की है, जहां एक शातिर चोर चलती ट्रेन से यात्री का बैग छीनकर कूद गया। वहीं दूसरी घटना गुना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक की है, जहां पानी पीते समय एक युवक का कीमती मोबाइल चोरी हो गया। रुठियाई स्टेशन के पास बैग लेकर कूदा चोर न्यू एसएएफ पुलिस लाइन निवासी अभिषेक कुमार सिंह (29) ने जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे गत दिवस उज्जैनी एक्सप्रेस के जनरल कोच में उज्जैन से गुना की यात्रा कर रहे थे। उन्होंने अपना काले रंग का बैग ऊपर वाली रैक पर रखा था, जिसमें कपड़ों और जरूरी दस्तावेजों के साथ 80,000 रुपये नगद रखे हुए थे। रात के समय जब ट्रेन रुठियाई स्टेशन के ठीक पहले होम सिग्नल पर धीमी हुई, तभी एक अज्ञात लडक़ा अचानक गेट पर चढ़ा और पलक झपकते ही अभिषेक का बैग उठाकर चलती ट्रेन से नीचे कूद गया। पीड़ित ने जब नीचे उतरने का प्रयास किया तो अंधेरे में कुछ लोग पत्थर लेकर खड़े दिखे, जिससे सुरक्षा की दृष्टि से वे नीचे नहीं उतरे। जीआरपी पुलिस ने इस मामले में धारा 305 (सी) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वॉटर कूलर के पास से आईफोन चोरी वहीं, चोरी की एक अन्य वारदात में रशीद कॉलोनी निवासी धीरज बंजारा (21) का मोबाइल चोरी हो गया। धीरज 3 अप्रैल को ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी से यात्रा कर गुना पहुंचे थे। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर वॉटर कूलर के पास बैग रखकर वे पानी पीने लगे, तभी किसी अज्ञात बदमाश ने उनके बैग में रखा आईफोन 11 प्रो पार कर दिया। चोरी हुए मोबाइल की कीमत करीब 35,000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। -सीताराम नाटानी