क्षेत्रीय
04-Apr-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शनिवार को पुलिस कार्यालय दबरई में फायर सेफ्टी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण अग्निशमन अधिकारी फिरोजाबाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी फायर स्टेशन टूण्डला की टीम द्वारा कराया गया, जिसमें कार्यालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान आग बुझाने के आधुनिक उपकरणों के उपयोग, मॉक ड्रिल और आपातकालीन स्थिति में बचाव की तकनीकों की जानकारी दी गई। टीम ने विभिन्न परिस्थितियों में आग से निपटने के व्यावहारिक तरीके भी समझाए। अधिकारियों और कर्मचारियों को बी क्लास (तरल पदार्थ), सी क्लास (गैस), डी क्लास (धातु) और ई क्लास (इलेक्ट्रिक) आग को नियंत्रित करने के उपाय बताए गए। साथ ही अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग और स्वयं को सुरक्षित रखते हुए आग पर काबू पाने का अभ्यास भी कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को आपात स्थिति के लिए तैयार करना और आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। ईएमएस