क्षेत्रीय
04-Apr-2026
...


- इंदौर में निकला भव्य वरघोड़ा - कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप व विधायक मालिनी गौड़ की उपस्थिति में हुआ दीक्षार्थी का अभिनंदन :: इंदौर (ईएमएस)। जावरा कम्पाउंड निवासी वीरेन्द्र-शीतल भंडारी की उच्च शिक्षित सुपुत्री विनुषी भंडारी (30 वर्ष) अब सांसारिक सुख-सुविधाओं को त्यागकर संयम के पथ पर अग्रसर हो रही हैं। शनिवार को शहर में उनका भव्य वरघोड़ा (जुलूस) निकाला गया, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। रजत मंडित रथ पर सवार होकर विनुषी ने जब अपनी प्रिय सांसारिक वस्तुओं को लुटाना शुरू किया, तो वह दृश्य वैराग्य की पराकाष्ठा को दर्शा रहा था। साधुमार्गी जैन समता संघ के तत्वावधान में आयोजित यह जुलूस रवीन्द्र नाट्य गृह पहुँचा, जहाँ एक गरिमामय समारोह में उनका अभिनंदन किया गया। :: स्काई डाइविंग से दीक्षा तक का सफर :: विनुषी ने अपने संबोधन में बताया कि उन्होंने जीवन में पैराग्लाइडिंग, स्काई डाइविंग और मॉडलिंग जैसे हर शौक को पूरा किया, लेकिन शांति गुरु भक्ति में मिली। मुंबई में आचार्य प्रवर रामलाल म.सा. के दर्शन ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। उन्होंने कहा, मैंने टिप-टॉप और लक्ज़री लाइफ जी है, लेकिन पत्रों के माध्यम से गुरुदेव से मिले मार्गदर्शन ने मुझे अहसास कराया कि असली आनंद आत्म-कल्याण में है। :: 23 अप्रैल को नोखा में होगी दीक्षा :: साधुमार्गी जैन समता संघ के अध्यक्ष पारस बोहरा एवं महामंत्री पिंकेश पगारिया ने बताया कि विनुषी की दीक्षा का मुख्य महोत्सव 23 अप्रैल को नोखा में आयोजित होगा। शनिवार के जुलूस में समाज के करीब 2 हजार लोग शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह मंच लगाकर दीक्षार्थी का स्वागत किया गया। :: जिन दर्शन की सीढ़ी है दीक्षा : चेतन कश्यप समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप ने कहा कि विनुषी का यह निर्णय उनके परिवार के कई जन्मों के पुण्योदय का फल है। जैन धर्म के नियम मनुष्य के पूर्ण विकास में सहायक हैं। वहीं, विधायक मालिनी गौड़ ने जैन धर्म की कठिन तपस्या की सराहना करते हुए विनुषी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। :: भावुक क्षणों के बीच विदाई :: अभिनंदन समारोह के दौरान माहौल तब भावुक हो गया जब विनुषी की मौसी रीना आंचलिया और भाभी राधिका भंडारी ने रुंधे गले से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम में नरेन्द्र गांधी, विजय मेहता और महेश नाहटा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। संचालन ललित दुग्गड व अर्चना छीगावत ने किया। प्रकाश/4 अप्रैल 2026