क्षेत्रीय
04-Apr-2026
...


इंदौर (ईएमएस)। ग्रामीण युवाओं में आत्मविश्वास और कौशल संवर्धन के उद्देश्य से कनाडिया रोड स्थित बुरानाखेड़ी में पुष्पा पिसोलकर पारमार्थिक फाउंडेशन द्वारा निशुल्क व्यक्तित्व विकास केंद्र की कक्षाओं का आगाज किया गया। इस केंद्र का शुभारंभ जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के मुख्य आतिथ्य एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. प्रतीक श्रीवास्तव के विशेष आतिथ्य में संपन्न हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तुलसी सिलावट ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण बच्चों को नई दिशा और अवसर प्रदान करेंगे। विशेष अतिथि डॉ. प्रतीक श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता के विकास को अनिवार्य बताया। फाउंडेशन के प्रमुख आर.के. काबरा ने बताया कि इस केंद्र पर मनोवैज्ञानिक तरुणा अग्रवाल द्वारा नियमित कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। यहाँ बच्चों को विशेष रूप से आत्मविश्वास, संचार कौशल और जीवन कौशल के गुर सिखाए जाएंगे। कार्यक्रम के प्रारंभ में फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण छात्र एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे। प्रकाश/4 अप्रैल 2026