- नितेश मोदी अध्यक्ष, प्रदीप और परेश बने सचिव इंदौर (ईएमएस)। वर्धमान जैन युवा मंच, जानकी नगर की साधारण सभा में आगामी कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ। देवगुराड़िया स्थित एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित इस बैठक में सर्वानुमति से नितेश मोदी को अध्यक्ष चुना गया। वहीं, प्रदीप छल्लाणी एवं परेश मेहता को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रचार मंत्री नवीन जैन एवं अंकुश रामपुरिया ने बताया कि चुनाव के पश्चात नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल मेहता, संरक्षक शिखरचंद बाफना और गजराज बेताला सहित वरिष्ठ सदस्यों ने स्वागत किया। बैठक में समाज के 90 से अधिक गणमान्य सदस्य उपस्थित थे। नवनियुक्त अध्यक्ष नितेश मोदी ने अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए बताया कि मंच द्वारा आगामी महावीर जयंती का पर्व बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों को गति दी जाएगी। निवर्तमान अध्यक्ष कांतिलाल मेहता के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए सभा का संचालन अरिहंत छल्लाणी ने किया। अंत में अश्विन लुणावत ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाज के युवाओं ने नई टीम को बधाई देते हुए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। प्रकाश/4 अप्रैल 2026