- कंटेस्टेंट अभिषेक की प्रस्तुति पर भावुक हुईं गीता कपूर; कहा - माँ की लोरी की यादें हुईं ताज़ा मुंबई, (ईएमएस)। सुरों के महामंच इंडियन आइडल का आगामी एपिसोड दर्शकों के लिए भावनाओं और सुनहरी यादों का अनूठा संगम होने वाला है। शो के दौरान कंटेस्टेंट अभिषेक कुमार ने दिवंगत अभिनेता शशि कपूर के एक सदाबहार गीत पर ऐसी आत्मीय प्रस्तुति दी कि सेट पर मौजूद हर शख्स भावुक हो उठा। अभिषेक की सादगी भरी गायकी ने न केवल जजों का दिल जीता, बल्कि कपूर खानदान की गौरवशाली विरासत की यादें भी साझा की गईं। अभिषेक की परफॉर्मेंस से जज गीता कपूर इस कदर प्रभावित हुईं कि उनकी आंखें छलक आईं। अपनी मां को याद करते हुए गीता ने कहा, मैंने यह पहले कभी साझा नहीं किया, लेकिन मेरी मम्मी मुझे लोरी के रूप में यही गाना - तेरा मुझसे है पहले का नाता कोई सुनाती थीं। आज इस प्रस्तुति ने मेरी बहुत सारी पुरानी यादों को फिर से जीवंत कर दिया है। - करिश्मा ने याद किया शशि कपूर का थिएटर प्रेम विशेष अतिथि के रूप में मौजूद अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने शशि कपूर के व्यक्तित्व और कला के प्रति उनके जुनून पर प्रकाश डाला। करिश्मा ने कहा, शशि जी का व्यक्तित्व बहुत सरल लेकिन अत्यंत प्रभावशाली था। वे न केवल एक महान अभिनेता और निर्माता थे, बल्कि थिएटर के प्रति भी बेहद जुनूनी थे। करिश्मा ने पृथ्वी थिएटर के माध्यम से कला को दिए गए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके परदादा पृथ्वीराज कपूर द्वारा शुरू की गई यह विरासत आज भी पूरी शिद्दत के साथ जारी है। यह एपिसोड संगीत के साथ-साथ बॉलीवुड की समृद्ध विरासत और व्यक्तिगत यादों के भावनात्मक जुड़ाव को खूबसूरती से दर्शाता है। दर्शकों के लिए यह अनुभव बेहद खास होने वाला है। इस भावनात्मक कड़ी का प्रसारण शनिवार और रविवार रात सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न और सोनी लिव पर किया जाएगा। - प्रकाश/4 अप्रैल 2026