- झोन 2 और 12 के निरीक्षण में बिफरे क्षितिज सिंघल, दरोगा का वेतन काटने और नाले में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई के निर्देश इंदौर (ईएमएस)। शहर की स्वच्छता साख को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शनिवार को झोन क्रमांक 2 एवं 12 के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का सघन औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंदगी और बार-बार निर्देशों के बावजूद अव्यवस्था मिलने पर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। झोन 2 एवं 12 के मच्छी बाजार, मुंबई बाजार, चंद्रभागा पुल और कलाल कुई मस्जिद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर उन्होंने क्षेत्रीय सीएसआई के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने के आदेश जारी कर दिए। आयुक्त ने मधु मिलन चौराहा, गणगौर घाट, मुंबई बाजार, मच्छी बाजार, चंद्रभागा पुल, राज मोहल्ला और जिंसी चौराहा क्षेत्रों का सूक्ष्मता से जायजा लिया। मुंबई बाजार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित दरोगा को मौके पर ही फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा। चंद्रभागा पुल के समीप एक सार्वजनिक कार्यक्रम के बाद कचरा नाले के किनारे फेंके जाने की घटना पर आयुक्त ने गहरा असंतोष जताया और दोषियों के खिलाफ कठोर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अनुशासन और स्वच्छता मानकों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए आयुक्त ने कंडीलपुरा और जिंसी इतवारिया सब्जी मंडी क्षेत्र में उन दुकानों को भी चिन्हित किया जिनके बाहर डस्टबिन नहीं रखे गए थे। सफाई में बरती गई इस गंभीर लापरवाही पर उन्होंने संबंधित दरोगा का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों और जल स्रोतों के किनारे गंदगी फैलाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। निरीक्षण के अंत में आयुक्त ने झोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में डस्टबिन की उपलब्धता और नियमित कचरा संग्रहण की रैंडम चेकिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता रैंकिंग में इंदौर की स्थिति को सुदृढ़ रखने के लिए मैदानी अमले को पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। निगम प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे सफाई अमले और झोनल कार्यालयों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। - प्रकाश/4 अप्रैल 2026