क्षेत्रीय
04-Apr-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) | मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में प्रेरणादायक संवाद सत्रों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में शनिवार को कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने अंबाह विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय, भुआ का पुरा में विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उन्हें सफलता के मूल मंत्र बताए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जीवन में आने वाले उतार-चढ़ाव का साहस और संतुलन के साथ सामना करने तथा सदैव प्रसन्नचित्त रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को स्कूल किट भी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उल्लेखनीय है कि 1 से 4 अप्रैल तक आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत मुरैना जिले के 106 विद्यालयों में जिला एवं खंड स्तर के अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर अपने अनुभव साझा किए और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के पश्चात कलेक्टर ने ग्रामीणों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं, जिनमें सड़क, बिजली, पानी एवं कृषकों से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। उन्होंने इन समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। इस प्रकार “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित करने एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सराहनीय प्रयास किया गया।