04-Apr-2026
...


-सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर दिया मार्गदर्शन भोपाल (ईएमएस)। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी मध्यप्रदेश राज्य शाखा द्वारा सेवा भारती के सुभाष मंडल, भोपाल के सहयोग से आयोजित किशोरी व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम में किशोरियों को स्वच्छता किट वितरित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किशोरियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेडक्रॉस के राज्य शाखा चेयरमैन डॉ. श्याम सिंह कुमरे (आईएएस, सेवानिवृत्त) रहे। उनके साथ सेवा भारती महानगर अध्यक्ष शिव मंगल सिंह, विभाग समन्वयक करण कौशिक तथा सुभाष मंडल अध्यक्ष ताराचंद्र जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात डॉ. कुमरे ने उपस्थित किशोरियों (निवेदिता बहनों) को सोशल मीडिया के सुरक्षित और सकारात्मक उपयोग के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया का सही उपयोग देश और समाज के हित में कैसे किया जा सकता है, साथ ही परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सकारात्मक भूमिका निभाने पर भी जोर दिया। इस दौरान किशोरियों को विभिन्न सामाजिक एवं नैतिक विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में मदद मिल सके। कार्यक्रम के अंत में रेडक्रॉस द्वारा सभी प्रतिभागी किशोरियों को हाइजीन (स्वच्छता) किट वितरित की गई। इस पहल से स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। धर्मेंद्र, ०४ अप्रैल, २०२६