-कोर्ट ने 7 अप्रैल तक रिमांड पर भेजा, 1 करोड़ 86 लाख रुपए गबन का है आरोप रायपुर,(ईएमएस)। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने 26 साल पुराने गृह निर्माण ऋण गबन मामले में सरकारी आवास संघ, मर्यादित भोपाल के तत्कालीन प्रबंधक प्रदीप कुमार नीखरा को गिरफ्तार किया है। इसके पहले भी एसीबी ने 18 मार्च 2026 को गबन के मामले में दो आरोपी धावरदास माधवानी और बसंत कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी प्रदीप कुमार निखरा के खिलाफ कई धाराओं में कार्रवाई की गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रदीप कुमार नीखरा को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने 7 अप्रैल तक निखरा को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एसीबी इस दौरान आरोपी से गबन के मामले में पूछताछ करेगी। आरोपी प्रदीप साल 1995 से 1998 तक जरूरतमंद लोगों के लिए संचालित सरकारी आवासीय योजना के नाम पर ऋण राशि प्राप्त की गई थी। आरोप है कि आधुनिक गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित रायपुर के 186 सदस्यों के नाम पर 1-1 लाख रुपए कुल राशि 1 करोड़ 86 लाख रुपए का गृह निर्माण की राशि स्वीकृत कराया गया। भौतिक सत्यापन के दौरान अभिलेखों में दर्शाए गए स्थान पर ना तो मकान बनाया गया था और ना ही संबंधित हितग्राही को वहां पर मकान मिला। जांच में पता चला कि फर्जी दस्तावेज और प्रमाण पत्र के आधार पर षड्यंत्र कर ऋण की राशि को गबन किए जाने का मामला सामने आया। वहीं, इस मामले में दो नामजद आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के मामले में जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि साल 1995 से लेकर 1998 के बीच शासन की सरकारी आवासीय योजना के अंतर्गत जरूरतमंद लोगों को मकान निर्माण के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाती थी। जांच में इस बात की भी पुष्टि हुई की आधुनिक गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित रायपुर के तत्कालीन अध्यक्ष धावरदास माधवानी सरकारी आवास संघ मर्यादित रायपुर के तत्कालीन आवास पर्यवेक्षक बसंत कुमार साहू और सहकारी आवास संघ मर्यादित भोपाल की तत्कालीन प्रबंधक प्रदीप कुमार निखरा द्वारा षडयंत्रपूर्वक आपस में मिलकर योजनाबद्ध तरीके से सहकारी आवास संघ के पैसे का बंदरबांट किया गया। आरोप है कि प्रदीप कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए फर्जी दस्तावेज और प्रमाण पत्र के आधार पर फर्जी लोन तैयार कर लाखों रुपए हासिल किए। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने 7 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इस दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो आरोपी से इस मामले में पूछताछ करेगी। सिराज/ईएमएस 05अप्रैल26