राष्ट्रीय
05-Apr-2026


बिजनौर(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बीते 4 मार्च को एक पिकअप वाहन में आग लगाकर उसका वीडियो टेलीग्राम पर साझा करने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। हाल ही में लखनऊ से चार संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों ने बिजनौर जैसी अन्य संदिग्ध घटनाओं की कड़ियां जोड़ते हुए नए सिरे से छानबीन शुरू कर दी है। प्रदेश के सभी जिलों में संदिग्धों की निगरानी बढ़ाने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं, क्योंकि जांच में ऐसे कई समूहों के सक्रिय होने की बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, बिजनौर में जलाई गई पिकअप का वीडियो टेलीग्राम के जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलर अबुबकर तक पहुँचाया गया था। हालांकि, हैंडलर ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए इसे बेहद मामूली बताया था और सख्त लहजे में कहा था कि जब तक कोई बड़ी वारदात अंजाम नहीं दी जाएगी, तब तक कोई मोटी रकम नहीं मिलेगी। जांच में यह भी सामने आया है कि इस घटना के मुख्य आरोपी अबुजर को धार्मिक चिह्न देखकर पिकअप जलाने के बावजूद कोई भुगतान नहीं किया गया था। अबुजर टेलीग्राम के जिस ग्रुप से जुड़ा था, उसमें केवल पांच सदस्य थे, जिनमें से अबुजर समेत तीन को पकड़ा जा चुका है। ग्रुप एडमिन सैय्यद की तलाश अब भी जारी है। एटीएस की छानबीन में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आतंकी अबुबकर और उसके साथी दिल्ली-एनसीआर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर तबाही मचाने की योजना बना रहे थे। साकिब नाम के एक आरोपी को कई महत्वपूर्ण लोकेशन के कोऑर्डिनेट्स साझा किए गए थे। उसे दिल्ली और मेरठ सहित एनसीआर के 12 से ज्यादा कार शोरूमों की रेकी करने और वहां आग लगाने का टास्क दिया गया था। पाकिस्तानी हैंडलर इन आरोपियों को स्लीपर सेल की तरह इस्तेमाल कर रहा था ताकि गुपचुप तरीके से वारदातों को अंजाम दिया जा सके। शुरुआती जांच के अनुसार, ये संदिग्ध पाकिस्तान के इशारे पर संवेदनशील स्थानों की मैपिंग कर रहे थे और टाइमर आधारित विस्फोटक उपकरण तैयार करने की कोशिश में थे। इनका अंतिम उद्देश्य सिलसिलेवार धमाके कर देश में दहशत फैलाना था। आरोपी कई बार दिल्ली भी गए थे, जहां उन्होंने महत्वपूर्ण कार्यालयों, वीवीआईपी आवासों और अन्य संवेदनशील स्थानों की रेकी की थी। सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और फरार हैंडलर्स की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/05अप्रैल2026