* डीसा में मजदूर बनकर छिपा था आरोपी, आईएसआई और गैंगस्टर कनेक्शन की जांच तेज बनासकांठा (ईएमएस)| उत्तर गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। गुजरात एटीएस और बनासकांठा एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में विक्रमसिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसका संबंध पाकिस्तान के गैंगस्टर शहेजाद भट्टी से बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार विक्रमसिंह डीसा के एक ढाबे पर मजदूरी कर रहा था ताकि वह पुलिस की नजरों से बचा रह सके। हालांकि, खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी पहचान कर उसे दबोच लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विक्रमसिंह पंजाब में हुए ग्रेनेड स्मगलिंग मामले में वांटेड था। इतना ही नहीं, वह भारतीय सुरक्षा बलों पर हमले की साजिश में भी शामिल रहा है। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि वह स्थानीय युवकों को शहेजाद भट्टी के गैंग में भर्ती करने का काम कर रहा था। साथ ही, उसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने के संकेत भी मिले हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। गुजरात एटीएस ने आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए अहमदाबाद लाया है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं। सतीश/05 अप्रैल