-ईरान ने कहा वह किसी दबाव में झुकने वाला नहीं, धमकी का देंगे मुंहतोड़ जवाब तेहरान,(ईएमएस)। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे के अंदर हॉर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की चेतावनी दी है, लेकिन तेहरान ने इस चेतावनी को हल्के में लिया और साफ कहा कि वह किसी दबाव में झुकने वाला नहीं है और इस तरह की धमकियों का मुंहतोड़ जवाब देगा। अमेरिका की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब अमेरिका-इजराइल, ईरान पर दबाव बढ़ा रहे हैं। यह संघर्ष फरवरी के आखिर में संयुक्त हमलों के बाद शुरू हुआ था। इजराइली अधिकारियों ने संकेत दिया है कि वे ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें वॉशिंगटन की मंजूरी का इंतजार है। अमेरिकी और ईरानी सेनाएं दो अमेरिकी लड़ाकू विमानों के गिराए जाने के बाद एक लापता पायलट की तलाश कर रही हैं। यह स्थिति दिखाती है कि जंग में खतरा लगातार बढ़ रहा है, भले ही अमेरिका हवाई बढ़त का दावा कर रहा हो। ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को काफी हद तक बंद कर दिया है, जो दुनिया के लिए तेल आपूर्ति का एक अहम रास्ता है। इसके चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस बीच संघर्ष और फैल गया है। ईरान, इजराइल और उनके सहयोगी समूहों के बीच ड्रोन और मिसाइल हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। बता दें ट्रंप ने कहा था कि ईरान या तो समझौता करे या 48 घंटे के अंदर हॉर्मुज खोल दे। उन्होंने चेतावनी दी कि समय खत्म हो रहा है, 48 घंटे में उन पर कहर बरपेगा। हालांकि ट्रंप के बयान लगातार बदलते रहे हैं। कभी वह बातचीत की संभावना की बात करते हैं, तो कभी सैन्य कार्रवाई की धमकी देते हैं। इससे पहले उन्होंने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले को रोक दिया था, यह कहते हुए कि बातचीत जारी है। खात्म अल-अनबिया मुख्यालय के एक वरिष्ठ कमांडर ने ट्रंप के बयान को “लाचार, नर्वस, असंतुलित और बेवकूफी भरा” बताया। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि तेहरान सिद्धांत रूप में मध्यस्थता के जरिए बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन किसी भी समझौते के लिए “गैरकानूनी जंग” को खत्म करना जरूरी होगा। ईरान ने चेतावनी दी कि अगर हमले जारी रहे तो यह संघर्ष पूरे क्षेत्र में फैल सकता है उसने परमाणु ठिकानों के आसपास हमलों को लेकर भी चिंता जताई है, खासकर बुशेहर के पास संभावित रेडिएशन रिसाव को लेकर। ईरान ने दावा किया कि उसने नए एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किए हैं और अमेरिकी विमानों को मार गिराया है। साथ ही वह इजराइल और अन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर तबाही मचा रहा है। सिराज/ईएमएस 05अप्रैल26