नेपाल में अब हफ्ते में 2 दिन रहेगी छुट्टी काठमांडू(ईएमएस)। अमेरिका-इजराइल और ईरान में जंग के चलते दुनिया के हर देश में ईंधन का संकट है। नेपाल भी इसकी चपेट में आ गया है। पड़ोसी देश नेपाल में पेट्रोल-डीजल की भारी कमी के चलते बालेन शाह सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने इस संकट से निपटने के लिए हफ्ते में दो दिन छुट्टी रखने का फैसला लिया है। सरकार के मुताबिक, सरकारी कार्यालयों और शैक्षिक संस्थानों में शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। नेपाल सरकार के प्रवक्ता एवं शिक्षामंत्री सस्मित पोखरेल के अनुसार, सरकार ने दफ्तरों का समय भी बदलते हुए सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक तय किया है। उन्होंने कहा, यह फैसला ईंधन आपूर्ति में आई दिक्कतों के कारण लिया गया है और नई व्यवस्था सोमवार से लागू होगी। सरकार की कैबिनेट मीटिंग में पेट्रोलियम की कमी को देखते इस फैसले पर मुहर लगाई गई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पेट्रोल और डीजल के पुराने वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलने पर भी चर्चा हुई है। जिसमें वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलने के लिए आवश्यक कानूनी व्यवस्था की जाएगी। विनोद उपाध्याय / 05 अप्रैल, 2026