जबलपुर, (ईएमएस)। लार्डगंज पुलिस ने कल मुखबिर की सूचना पर कछपुरा के समीप दबिश देकर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे शातिर बदमाश को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पेंट की जेब में एक पिस्टल रखी मिली जिसे चैक करने पर उसमें कारतूस लोड था। आरोपी बदमाश के खिलाफ २५-२७ आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही कर अभिरक्षा में लेते हुए पिस्टल के संबंध में पूछताछ की जा रही है। लार्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य के मुताबिक कल रात उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र का पुराना बदमाश निखिल नायडू कछपुरा के पास पिस्टल लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। मुखबिर के बताये स्थान पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी निखिल नायडु को हुलिये के आधार पर दबोचकर उसकी तलाशी ली तो पेंट की जेब में एक पिस्टल मिली जिसमें एक कारतूस लोड था। आरोपी को अभिरक्षा में लेते हुए पिस्टल के संबंध में पूछताछ की जा रही है। - सुनील साहू / शहबाज / 05 अप्रैल 2026/ 07.00