जबलपुर, (ईएमएस)। विजय नगर पुलिस ने कल मुखबिर की सूचना पर आलू-प्याज मंडी के समीप रोड में घरेलू गैस सिलेण्डर से खाली गैस सिलेण्डरों में गैस की अवैध रिफलिंग करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो घरेलू गैस सिलेण्डर गैस बिक्री के ढाई हजार रूपए एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ ३,७ ईसीएक्ट २८७ बीएनएस के तहत कार्यवाही की गई है। विजय नगर थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह मस्कोले ने बताया कि कल उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि आलू-प्याज मंडी के पास रोड में एक व्यक्ति अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेण्डर की गैस को अन्य खाली गैस सिलेण्डरों में डाल कर अवैध लाभ अर्जित कर रहा है। मुखबिर के बताये स्थान पर जब पुलिस ने दबिश दी तो एक व्यक्ति घरेलू गैस सिलेण्डर से खाली गैस सिलेण्डरों में गैस भरते हुए दिखा जिसे घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम महाराजपुर आधारताल निवासी सोनू रजक बताया। पुलिस ने मौके से दो एचपी कम्पनी के गैस सिलेण्डर, एक तौल कांटा जब्त किया है। - सुनील साहू / शहबाज / 05 अप्रैल 2026/ 07.00