हैदराबाद,(ईएमएस)। तेलंगाना के निर्मल जिले के महालक्ष्मीवाड़ा इलाके में दर्दनाक हादसे में फ्रिज फटने से 2 लोगों की मौत हुई है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। महालक्ष्मीवाड़ा क्षेत्र में एक दुखद हादसा सामने आया, जहां एक घर में रखा फ्रिज अचानक फट गया। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण फ्रिज में यहां विस्फोट हुआ, जिसके बाद घर में तेजी से आग फैल गई। इस हादसे में विजय नाम के व्यक्ति और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना अचानक हुई। फ्रिज के फटने के साथ ही तेज धमाका हुआ और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। आशीष दुबे / 05 अप्रैल 2026