धनबाद,(ईएमएस)। झारखंड के कोयलांचल की नगरी धनबाद में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुनिडीह इलाके में लोहा चोरी करने की कोशिश के दौरान गैस रिसाव की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि चोर एक भरे हुए गैस सिलेंडर को काट रहे थे तभी गैस के तेज रिसाव ने उनकी जान ले ली। पुलिस के अनुसार कुछ लोग इलाके में लोहे का कबाड़ चोरी करने के इरादे से घुसे थे। वहां एक गैस सिलेंडर रखा हुआ था जो पूरी तरह भरा हुआ था। चोरों ने जैसे ही सिलेंडर को काटना शुरू किया उसमें से गैस का भारी रिसाव शुरू हो गया। गैस की गंध इतनी तेज और जहरीली थी कि मौके पर मौजूद लोग तुरंत बेहोश होकर गिर पड़े। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में कुल 5 लोगों को लाया गया था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो लोग दम तोड़ चुके थे। एक की इलाज के दौरान मौत: एक व्यक्ति की मौत इलाज के दौरान हुई। बाकी दो लोगों का उपचार जारी है लेकिन उनकी स्थिति नाजुक बनी हैं। धनबाद के एसएसपी ने आधिकारिक तौर पर तीन मौतों की पुष्टि की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखकर जांच तेज कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस गिरोह में और भी लोग शामिल थे जो मौके से भागने में सफल रहे। आशीष दुबे / 05 अप्रैल 2026