अंतर्राष्ट्रीय
05-Apr-2026


दुबई,(ईएमएस)। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। संयुक्त अरब अमीरत, ईरान और अन्य खाड़ी देशों में हमलों और जवाबी कार्रवाई से हालात बेहद गंभीर हुए हैं। अबू धाबी में पेट्रोकेमिकल प्लांट में अचानक कई जगह आग लगी। अधिकारियों के मुताबिक यह आग सीधे हमले से नहीं, बल्कि एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा हमले को नाकाम करने के बाद गिरे मलबे से लगी। यह आबूधाबी नेशनल ऑयल कंपनी और ऑस्ट्रेलिया की बोरेलिस का संयुक्त प्रोजेक्ट है। फिलहाल प्लांट का काम बंद कर दिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि कोई हताहत नहीं हुआ। कुवैत पर ईरान के हमलों से भारी नुकसान हुआ है। एक बड़ा पानी का प्लांट नष्ट, दो बिजली उत्पादन यूनिट बंद और कुवैत सिटी में वित्त मंत्रालय की इमारत को नुकसान हुआ है। कुवैत सरकार ने कहा कि नुकसान “काफी गंभीर” है और कई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। युद्ध अब सिर्फ ईरात और अमेरिका तक सीमित नहीं रहा खाड़ी के कई देश इसकी चपेट में आ रहे हैं। तेल, बिजली और पानी जैसे अहम इंफ्रास्ट्रक्चर निशाने पर हैं। आशीष दुबे / 05 अप्रैल 2026