क्षेत्रीय
05-Apr-2026
...


- दुर्घटना: चार दुकानें खाक लाखों का नुकसान जबलपुर, (ईएमएस)। तेज गर्मी के बीच रविवार सुबह शहर के व्यस्ततम गुरंदी कबाड़ बाजार में अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। सुबह करीब 9 बजे एक कबाड़ दुकान से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते आसपास की तीन से चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया और बाजार में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग पहले एक दुकान से शुरू हुई, लेकिन गर्मी और कबाड़ में रखे ज्वलनशील सामान के कारण तेजी से फैलती चली गई। धुएं के गुबार दूर से ही दिखाई देने लगे। रविवार होने के कारण बाजार में लोगों की आवाजाही ज्यादा थी, जिससे दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया। विभाग की टीम छह दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। फायर फाइटर्स ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आसपास की दुकानों को खाली कराया गया और एहतियातन क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात है। हालांकि दुकानों में रखा लाखों रुपये का कबाड़ और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। दमकल विभाग के मुताबिक आग लगने के कारण अभी अज्ञात हैं। आमतौर पर शार्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। - सुनील साहू / शहबाज / 05 अप्रैल 2026/ 07.00