लखनऊ,(ईएमएस)। उत्तरप्रदेश में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 48 घंटे में 12 लोगों की मौत हुई है। शनिवार शाम को 10 शहरों में बारिश हुई। कानपुर, ललितपुर, झांसी और जालौन में ओले गिरे। बेमौसम बारिश का कानपुर में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। यहां धूल भरी आंधी के बाद बारिश हुई। हैलट अस्पताल में पानी भर गया। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। बरगद का पेड़ चलती ऑटो पर गिर पड़ा। इससे ऑटो ड्राइवर और 60 साल की महिला की मौत हो गई। महिला बेटी के साथ दवा लेने गई थी। वहीं सीतापुर में बिजली गिरने से घर में आग लग गई। मां-बेटी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 7 साल की बच्ची झुलस गई। जालौन में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। सड़क और खेतों में ओलों की चादर बिछ गई। इससे गेहूं और सरसों की फसल बर्बाद हो गई। लखनऊ में 1 मार्च से अब तक 19.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 165 फीसदी अधिक है। आंधी-बारिश और बिजली से कानपुर में 4 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद सीतापुर में 3, वाराणसी और चित्रकूट में 2-2, जबकि ललितपुर में 1 व्यक्ति की जान गई है। सीएम योगी ने कहा है कि बारिश से किसानों को जो नुकसान हो रहा है, उसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर रहें। सुनिश्चित करें कि आपदा का असर किसानों पर कम से कम पड़े। अगर कहीं जान-माल या पशुओं का नुकसान हुआ है, या कोई घायल हुआ है, तब 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिलाया जाए। आशीष दुबे / 05 अप्रैल 2026