राष्ट्रीय
05-Apr-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश की राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मामले में 24 साल के युवक ने 15 साल की नाबालिग लड़की पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। जिसमें रविवार (5 अप्रैल) को इलाज के दौरान नाबालिग की मौत हुई। ताजा मामला सीमापुरी थाना क्षेत्र का है, जहां 24 वर्षीय जतिन ने 15 साल की नाबालिग लड़की पर चाकू से जानलेवा हमला किया। घटना शाम करीब सवा पांच बजे की है, जो पीड़िता के घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर हुई। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक इस वारदात में कुछ और युवकों के शामिल होने की भी आशंका है। घायल नाबालिग ने हिम्मत दिखाकर खुद अपनी मां को फोन कर हमले की जानकारी दी, जिसके बाद छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि नाबालिग ने हाल ही में अपना 15वां जन्मदिन मनाया था और 10वीं की परीक्षाएं भी दी थीं, लेकिन जिंदगी की शुरुआत ही उसके लिए आखिरी साबित हुई। रविवार सुबह करीब 5 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जतिन के घर में सिलेंडर फटने से आग लग गई थी। इस घटना में उसकी मौत हो गई। जतिन ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था और पिता के निधन के बाद अपनी मां के साथ रह रहा था। आशीष दुबे / 05 अप्रैल 2026