06-Apr-2026
...


- एमसीएक्स और कॉमेक्स पर दोनों कीमती धातुएं दबाव में; निवेशकों में सतर्कता का माहौल नई दिल्ली (ईएमएस)। सोना और चांदी के भाव में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई। घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों धातुओं पर दबाव बना रहा, जिससे कीमतों में नरमी देखने को मिली। घरेलू बाजार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का बेंचमार्क जून वायदा कॉन्ट्रैक्ट 833 रुपये की गिरावट के साथ 1,48,847 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। यह पिछले बंद भाव 1,49,680 रुपये से नीचे रहा। खबर लिखे जाने के समय सोना और फिसलकर 1,48,499 रुपये पर कारोबार कर रहा था, जो 1,181 रुपये की गिरावट दर्शाता है। कारोबार के दौरान सोने ने 1,48,847 रुपये का उच्च स्तर और 1,48,298 रुपये का निचला स्तर छुआ। चांदी के वायदा भाव में भी कमजोरी देखी गई। एमसीएक्स पर मई कॉन्ट्रैक्ट 1,779 रुपये टूटकर 2,30,716 रुपये प्रति किलो पर खुला। पिछले सत्र में इसका बंद भाव 2,32,495 रुपये था। खबर लिखे जाने के समय चांदी 2,597 रुपये गिरकर 2,29,898 रुपये पर कारोबार कर रही थी। इस दौरान चांदी ने 2,30,851 रुपये का उच्च और 2,29,651 रुपये का निचला स्तर दर्ज किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी नरमी का रुख बना रहा। कॉमेक्स पर सोना 4,675 डॉलर प्रति औंस पर खुला और बाद में गिरकर 4,654.40 डॉलर पर कारोबार करता दिखा। वहीं, चांदी 72.72 डॉलर पर खुली और घटकर 72.07 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक संकेतों की कमजोरी और निवेशकों की सतर्कता के चलते सोना-चांदी के भाव पर दबाव बना हुआ है। आगामी सत्रों में अंतरराष्ट्रीय रुझान इनकी दिशा तय करेंगे। सतीश मोरे/06अप्रेल ---