- सेंसेक्स 500 अंक गिरा, निफ्टी 22600 के नीचे फिसला नई दिल्ली (ईएमएस)। एशियाई बाजारों से मिले मिश्रित संकेतों और वैश्विक अनिश्चितता के बीच सोमवार को भारतीय शेयर बाजार सपाट शुरुआत के बाद गिरावट में चला गया। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों पर दबाव देखने को मिला। बीएसई सेंसेक्स मामूली गिरावट के साथ 73,477 अंक पर खुला, लेकिन शुरुआती मिनटों में ही इसमें कमजोरी बढ़ गई। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स 322.61 अंक गिरकर 72,996.94 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। इसी तरह निफ्टी 50 भी सपाट रुख के साथ 22,780 पर खुला, लेकिन जल्द ही इसमें भी गिरावट देखी गई। सुबह शुरुआत के बाद निफ्टी 74.10 अंक फिसलकर 22,639 के स्तर पर आ गया। बाजार में इस कमजोरी की प्रमुख वजह वैश्विक अनिश्चितता रही। डोनाल्ड ट्रम्प के हालिया बयान के बाद निवेशकों में सतर्कता बढ़ गई है, जिससे वे बड़े निवेश फैसले लेने से बच रहे हैं। इसके अलावा, बाजार को सपोर्ट देने वाले बड़े शेयरों में बिकवाली का दबाव भी साफ दिखा। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे हैवीवेट शेयरों में गिरावट ने इंडेक्स को नीचे खींचा। इन कंपनियों का बाजार में बड़ा वेटेज होने के कारण इनके कमजोर प्रदर्शन का सीधा असर सूचकांकों पर पड़ा। कुल मिलाकर, बाजार में फिलहाल कोई मजबूत सकारात्मक संकेत नहीं दिख रहा है। निवेशक वैश्विक घटनाक्रम और आगे आने वाले आर्थिक संकेतों का इंतजार कर रहे हैं, जिसके चलते बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। सतीश मोरे/06अप्रेल ---