धमतरी(ईएमएस)। जिले में पुलिस ने अवैध गौवंश परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 बछड़े और एक बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई मगरलोड थाना क्षेत्र की करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि बरबसपुर (जिला दुर्ग) से मुसुरपुट्टा बाजार (सिहावा) की ओर एक पिकअप में गौवंशों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ग्राम करेलीबड़ी के नंगरा नाला स्थित बजरंग बली मंदिर के पास पहुंची और संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। वाहन के अंदर 9 बछड़े अत्यंत संकीर्ण अवस्था में भरे हुए पाए गए, जिनके लिए चारा-पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। मौके पर चालक अभिलाष कुमार साहू (25) और उसके साथी राहुल यादव (27), निवासी बरबसपुर, थाना रानीतराई (दुर्ग) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों आरोपी गौवंश परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 अप्रैल 2026