राष्ट्रीय
06-Apr-2026
...


सांसद राघव चड्ढा ने आप नेताओं के आरोपों को निराधार, राजनीति से प्रेरित बताया नई दिल्ली,(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा संसद में पंजाब के मुद्दे न उठाने के आरोप को लेकर राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने इन आरोपों को निराधार, राजनीति से प्रेरित और आधिकारिक संसदीय रिकॉर्ड के विपरीत बताया है। उन्होंने एक नया वीडियो जारी कर कहा कि कोई भी दुष्प्रचार अभियान मेरी आवाज को दबा नहीं सकता और न ही मेरे संकल्प को कमजोर कर सकता है। सत्य और तथ्य की जीत होगी और हर झूठ बेनकाब होगा। संसद में उन्होंने अभी तक लगातार और मजबूती से पंजाब के मुद्दों को उठाया है। उन्होंने संसद में उठाए गए मुद्दों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह कोई राय या प्रचार का विषय नहीं है, बल्कि आधिकारिक रिकॉर्ड का मामला है, जिसे हर नागरिक सत्यापित कर सकता है। चड्ढा ने फिर दोहराया कि मेरा काम संसद में ड्रामा करना नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों को गंभीरता से उठाना है। उन्होंने कहा कि मेरे संसदीय रिकॉर्ड में मेरा काम दिखता है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि तथ्यों के बजाय मेरे खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि पंजाब उनके लिए महज कोई राजनीतिक चर्चा का विषय नहीं, बल्कि एक प्रतिबद्धता है। चड्ढा ने कहा कि कोई भी झूठ या सुनियोजित अभियान उनकी आवाज को नहीं दबा सकता। मैंने हमेशा पंजाब के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ता रहूंगा। सिराज/ईएमएस 06अप्रैल26