पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की कर रहे मध्यस्थता, अमेरिका-ईरान के बीच संवाद जारी नई दिल्ली,(ईएमएस)। अमेरिका-इजराइल के साथ ईरान की लड़ाई जारी है। मिडिल ईस्ट में हर घंटे हालात और ज्यादा खतरनाक होते जा रहे हैं। इस बीच कूटनीतिक गलियारों से राहत की खबर आ रही है। दरअसल अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच 45 दिन के संभावित सीजफायर को लेकर कूटनीतिक कोशिशें तेज हो गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका, ईरान और क्षेत्रीय मध्यस्थ देशों के बीच इस प्रस्ताव पर गंभीर बातचीत चल रही है, जिसे युद्ध खत्म करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक ये बातचीत पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की की मध्यस्थता में हो रही है। साथ ही अमेरिका और ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच सीधे संदेशों के जरिए भी संवाद जारी है। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका, ईरान और क्षेत्रीय मध्यस्थों का एक समूह संभावित 45 दिन के सीजफायर की शर्तों पर चर्चा कर रहा है, जिससे युद्ध हमेशा के लिए खत्म हो सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मध्यस्थ दो चरणों वाले समझौते की शर्तों पर चर्चा कर रहे हैं। पहला चरण संभावित 45 दिन का सीजफायर होगा, जिसके दौरान युद्ध को हमेशा के लिए खत्म करने पर बातचीत होगी। दूसरा चरण युद्ध खत्म करने पर एक समझौता होगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर बातचीत के लिए और समय की जरूरत हुई, तो सीजफायर को बढ़ाया जा सकता है। सिराज/ईएमएस 06अप्रैल26 -------------------------------