क्षेत्रीय
06-Apr-2026
...


जयपुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बजट घोषणा को मूर्त रूप देने की दिशा में जल संसाधन विभाग ने ठोस पहल शुरू कर दी है। जयपुर शहर की द्रव्यवती नदी पर स्थित सांगानेर का गूलर बांध को पुनर्जीवित किया जा रहा है।बांध के सौंदर्यीकरण, नवीनीकरण एवं पर्यटन विकास के लिए लगभग 25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत के निर्देशन में विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार कर कार्यादेश जारी कर दिया है। विभाग के मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव श्री भुवन भास्कर ने गूलर बांध का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री सुरेश खतानिया, अधीक्षण अभियंता श्री रमाशंकर एवं अधिशासी अभियंता श्री अनिल थालौर भी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने निर्माण कार्य में उपयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच करने और दस्तावेजों के सुव्यवस्थित संधारण के निर्देश दिए। निरीक्षण में बांध के ओवरफ्लो स्ट्रक्चर की स्थिति अत्यंत खराब होने की स्थिति में उन्होंने इस संरचना के तकनीकी पुन:डिजाइन और नए निर्माण के निर्देश दिए।मुख्य अभियंता ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत गूलर बांध को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत आकर्षक घाट और सुव्यवस्थित गार्डन का निर्माण प्रस्तावित है। मुख्य अभियंता ने लैंडस्केपिंग के लिए एक समग्र एवं दीर्घकालिक योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। गूलर बांध के निरीक्षण के बाद मुख्य अभियंता ने नेवटा बांध का भी दौरा किया। इसे भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।अधिशासी अभियंता श्री थालौर ने बताया कि बरसात के दौरान अतिरिक्त जल प्रवाह से उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए बांध पर गेट लगाए जाएंगे, जिससे नहरों में जल प्रवाह को नियंत्रित किया जा सकेगा। साथ ही, चंदलाई की ओर जाने वाली नहर के दोनों ओर सुरक्षा दीवार का निर्माण भी किया जाएगा। - अशोक शर्मा/ 5 बजे/6 अप्रेल 2026